शराब पीना सेहत के लिए हानिकारक है
शराब: एक ऐसा ज़हर जो इंसान से उसकी ज़िंदगी छीन लेता है
एक जाम की शुरुआत, बर्बादी का अंत
"इसी बात पर हो जाये आज l", "थोड़ी-सी ही तो है, पीले कुछ नहीं होगा यार", "दोस्तों के साथ मौज मस्ती के लिए l" "आज की पार्टी मेरी तरफ से" "यार आज थकान ज़्यादा हो गई आज तो हो जाये" "यार मैं पापा बन गया, "यार मैं चाचा बन गया, "यार मैं मामा बन गया, अब तो पार्टी बनती ही हैl — शराब की शुरुआत अक्सर इन्हीं चीज़ों से होती है। लेकिन यही बहाने धीरे-धीरे आदत बन जाते हैं, आदत लत में बदल जाती है, और लत एक ऐसी जेल बन जाती है जिससे निकलना आसान नहीं होता।
शराब कभी किसी की सच्ची दोस्त नहीं होती। वह पहले इंसान को थोड़ा सुकून देती है फिर धीरे धीरे वही सुकून वो छीन भी लेती है , फिर उसकी समझ छीन लेती है, उसके बाद उसकी सेहत, उसकी इज़्ज़त, उसका परिवार, उसकी कमाई और अंत में उसकी पूरी ज़िंदगी निगल जाती है।
शराब शरीर को अंदर से कैसे खत्म करती है?
जब शराब शरीर में प्रवेश करती है तो वह सिर्फ नशा नहीं देती, बल्कि हर घूंट के साथ शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुँचाती है। सबसे पहले असर पड़ता है लीवर पर। धीरे-धीरे लीवर कमजोर होने लगता है और एक समय ऐसा आता है जब वह पूरी तरह काम करना बंद कर देता है।
शराब दिल की बीमारियों, हाई ब्लड प्रेशर, स्ट्रोक, कैंसर, पेट की गंभीर समस्याओं और मानसिक रोगों का खतरा कई गुना बढ़ा देती है। लगातार शराब पीने वाला व्यक्ति समय से पहले बूढ़ा दिखाई देने लगता है। उसकी याददाश्त कमजोर होती जाती है, निर्णय लेने की क्षमता खत्म होने लगती है और शरीर धीरे-धीरे मौत की ओर बढ़ने लगता है।
शराब सिर्फ शरीर नहीं, पूरे परिवार को बर्बाद करती है
एक शराबी सिर्फ खुद नहीं रोता, उसके साथ उसका पूरा परिवार भी हर दिन आँसू बहाता है।
कई बच्चे अपने पिता को नशे में देखकर डरते हैं। कई पत्नियाँ रोज़ मारपीट और अपमान सहती हैं। कई माँ-बाप अपने बेटे को शराब की वजह से बर्बाद होते हुए देखते हैं, लेकिन कुछ नहीं कर पाते।
घर की खुशियाँ खत्म हो जाती हैं। प्यार की जगह झगड़े ले लेते हैं। बच्चों की पढ़ाई छूट जाती है। परिवार की आर्थिक स्थिति टूट जाती है। आखिर में बचता है तो सिर्फ पछतावा।
शराब इंसान से उसकी पहचान छीन लेती है
नशे में इंसान वह सब कर बैठता है जो वह होश में कभी नहीं करता। सड़क दुर्घटनाएँ, अपराध, घरेलू हिंसा, झगड़े, गाली-गलौज और कई बार मासूम लोगों की मौत तक—इन सबके पीछे शराब एक बड़ा कारण बनती है।
एक पल का नशा कई परिवारों की पूरी ज़िंदगी बर्बाद कर देता है।
सोचिए...
यदि शराब इतनी अच्छी होती, तो डॉक्टर दवा की जगह शराब लिखते।
यदि शराब से सफलता मिलती, तो दुनियाँ के सबसे सफल लोग हर समय नशे में रहते।
यदि शराब खुशी देती, तो शराब पीने वालों के घरों में कभी आँसू न होते।
लेकिन सच्चाई बिल्कुल उलटी है।
क्या शराब छोड़ना संभव है?
हाँ, बिल्कुल संभव है।
हज़ारों नहीं, लाखों लोगों ने शराब छोड़कर अपनी ज़िंदगी दोबारा बनाई है। शुरुआत कठिन हो सकती है, लेकिन हर बीतता दिन आपको एक नई ताकत देता है।
जब आप शराब छोड़ते हैं—
आपका शरीर स्वस्थ होने लगता है।
आपका दिमाग पहले से बेहतर काम करता है।
परिवार का विश्वास लौटने लगता है।
पैसे बचने लगते हैं।
आत्मसम्मान वापस आता है।
जीवन में नई उम्मीद जन्म लेती है।
याद रखिए...
शराब की बोतल कभी नहीं कहती कि वह आपकी जान ले लेगी। वह मुस्कुराकर आपकी ज़िंदगी में आती है और चुपचाप सब कुछ छीन लेती है।
आज जो पैसा शराब पर खर्च हो रहा है, वही पैसा आपके बच्चों की पढ़ाई, माता-पिता की दवा, परिवार की खुशियों और आपके सुनहरे भविष्य पर खर्च हो सकता है।
अंतिम संदेश
ज़िंदगी भगवान का दिया हुआ सबसे अनमोल उपहार है। उसे शराब जैसी ज़हरीली आदत के हवाले मत कीजिए।
आज एक संकल्प लीजिए—
"मैं शराब नहीं, जीवन चुनूँगा। मैं नशा नहीं, अपने परिवार की मुस्कान चुनूँगा। मैं बोतल नहीं, अपने बच्चों का भविष्य चुनूँगा।"
याद रखिए, शराब का हर घूंट आपको मौत के एक कदम और करीब ले जाता है, जबकि उसे छोड़ने का हर फैसला आपको एक नई ज़िंदगी देता है।
नशा छोड़िए, जीवन से प्यार कीजिए—क्योंकि आपके अपने आपको खोना नहीं चाहते।
लेखक - Mk
दिल्ली, ग़ाज़ियाबाद,
