रचना के विवरण हेतु पुनः पीछे जाएँ रिपोर्ट टिप्पणी/समीक्षा

चोर-पुलिस की जुगलबंदी - आधुनिक युग का याराना

देश में अगर कोई रिश्ता सबसे पुराना, भरोसेमंद और अनंत माना जाए, तो वह है चोर और पुलिस का रिश्ता। दोनों एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं।


कहते हैं कि चोर पुलिस से डरता है, पर असलियत में पुलिस भी चोर से कम नहीं डरती। डर का कारण यह नहीं कि चोर बंदूक लिए घूमता है, बल्कि इसलिए कि अगर चोर पकड़ में आ गया तो अब कागज़ी कार्यवाही, रिपोर्ट, सस्पेंशन का खतरा और ऊपर से मीडिया का कैमरा! यानी चोर का पकड़ा जाना पुलिस की मुसीबतों का नया अध्याय खोल देता है।

चोर भी अब पुराने ज़माने वाले नहीं रहे। पहले चोरी सिर्फ़ ज़रूरत से होती थी, अब शौक से होती है। कोई कहता है, “भाई, मैं तो आर्टिस्ट हूँ — दीवारें नहीं, ताले तोड़ता हूँ।” और पुलिस वाले भी कहते हैं, “हम भी आर्टिस्ट हैं — हर केस में कहानी बनाते हैं।” दोनों में क्रिएटिविटी का जबरदस्त टकराव है।

एक चोर पकड़ा गया तो बोला, “साहब, मैं अपराधी नहीं, फाइन आर्ट्स का छात्र हूँ! आखिर तिजोरी खोलना भी एक स्किल है—आप लोग तो बस चाबी घुमा देते हैं!” पुलिस चौंकी—“और जेब काटना?” चोर बोला, “वो लाइव परफ़ॉर्मेंस है, पब्लिक के बीच आर्ट दिखाना आसान है क्या?” ऊपर से गर्व से जोड़ दिया—“मैं तो समाज को सिखा रहा हूँ कि सावधान रहो!” 

पुलिस ने कहा, “ठीक है आर्टिस्ट साहब, अब आपका एग्ज़ीबिशन जेल में लगेगा।” चोर मुस्कुराया—“Audience_fixed! अब यही जनाब जब

अदालत  गए तो नजारा कुछ और ही था

”जज बोले, “बहुत प्रतिभाशाली हो, जेल में लॉन्ग-टर्म आर्ट रेज़िडेंसी मिलेगी।”

चोर मुस्कराया—“धन्यवाद सर, स्टूडियो और फ्री फूड भी है न?”

बेशर्मी के इस दौर में टेक्नोलॉजी ने चोर और पुलिस के रिश्ते को इतना अनोखा बना दिया है कि अब यह सिर्फ़ “भागो-पकड़ो” वाला खेल नहीं रहा, बल्कि “अपडेट रहो वरना आउट हो जाओ” वाली प्रतियोगिता बन गया है।

पहले चोर के पास सिर्फ़ एक रेंगता हुआ दीया होता था,टार्च और पुलिस के पास लाठी। अब चोर के पास हैकिंग सॉफ्टवेयर है और पुलिस के पास साइबर सेल। 

पहले चोरी में दरवाज़ा तोड़ा जाता था, अब पासवर्ड तोड़ा जाता है और जब पुलिस आती है, तो पहले की तरह “हाथ ऊपर करो” नहीं, बल्कि “लैपटॉप खोलो, IP एड्रेस बताओ” कहा जाता है।

टेक्नोलॉजी ने चोरों को भी अपडेट कर दिया है। अब वे जेब  नहीं, डाटा चुराते हैं। किसी की जेब में से बटुआ निकालने के बजाय, वे उसके बैंक खाते से पैसे निकाल लेते हैं — वो भी बिना दरवाज़ा खोले! ऐसे में पुलिस की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। पहले मुहल्ले का “मिश्रा चोर” पकड़ना होता था, अब तो “साइबर मिश्रा” दुबई से चोरी कर रहा होता है।

पुलिस भी पीछे नहीं है। अब उनके पास ड्रोन, फेशियल रिकग्निशन सिस्टम, GPS ट्रैकर और AI आधारित सॉफ्टवेयर हैं। लेकिन बेचारे चोर भी समझदार हैं — वे नकली चेहरे बनाते हैं, VPN चलाते हैं, और अपनी पहचान “डार्क वेब” में छिपा लेते हैं। यानी दोनों तरफ़ टेक्नोलॉजी की जंग!

आज की चोरी “ऑनलाइन” है, और पीछा “रीयल टाइम” में। एक तरफ़ चोर फर्जी वेबसाइट बनाता है, दूसरी तरफ पुलिस उसी पर “ट्रैप” लगाती है। सोशल मीडिया पर तो दोनों के बीच ऐसी दौड़ लगी है कि कभी-कभी लगता है — ट्विटर और फेसबुक अब अपराधियों की मंडी बन गए हैं और पुलिस की ड्यूटी वहाँ चौकीदारी करने की।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि अब दोनों एक-दूसरे से सीख भी रहे हैं। पुलिस चोरों की तरकीबें समझने के लिए उनके चैट ग्रुप्स पढ़ती है, और चोर पुलिस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस देखकर अपनी सुरक्षा अपडेट कर लेते हैं। एक-दूसरे को पकड़ने की कोशिश में दोनों दिन-ब-दिन और “स्मार्ट” हो रहे हैं।

टेक्नोलॉजी ने चोर-पुलिस के रिश्ते को दुश्मनी से ज्यादा सह-अस्तित्व में बदल दिया है। दोनों एक ही सिस्टम के दो पक्ष हैं — एक सुरक्षा को चुनौती देता है, दूसरा उसे सुधारता है और यही अद्भुत तालमेल हमारी आधुनिक “डिजिटल दुनिया” की सबसे हास्यास्पद, लेकिन सच्ची जुगलबंदी है।

शहरों में ‘चोर-पुलिस’ का खेल मानो कोई अनंत टीवी शो है — हर रात नया एपिसोड। पुलिस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहती है, “हमने जांच शुरू कर दी है,” और चोर घर पर टीवी देखकर मुस्कराता है, “देखो, मेरी चर्चा हो रही है!” अगली सुबह वही चोर किसी और गली में ‘सीक्वल’ शूट कर देता है। चोर–पुलिस के मॉडर्न रिश्ते में पहले चोर भागते थे, अब लोकेशन भेजते हैं: “भाई, यहाँ चेकपोस्ट रख देना, मैं दूसरी गली से निकल जाऊँगा।” पुलिस भी हाईटेक—ड्रोन उड़ाते, पर चोर पहले ही Wi-Fi ऑफ कर देते। कभी-कभी वॉट्सऐप पर स्टेटस आता—चोर: "नाइट आउट" और पुलिस: "पकड़ा जाएगा, वादा रहा!" जनता खुश—फ्री में लाइव कॉमेडी! कभी पुलिस चोर को पकड़ ले तो सेल्फी: #MissionComplete #FriendlyFire. 

सच कहो तो अब ये रिश्ते पुलिसिया नहीं, सोशल मीडिया वाले हो गए—फर्क बस इतना कि दोनों ही “ड्यूटी” पर हैं… बस ड्यूटी का अर्थ थोड़ा लचीला है!

गांवों में मामला और मजेदार है। वहाँ पुलिस और चोर का रिश्ता दोस्ती की हद तक पहुँच चुका है। पुलिस वाले को पता है कौन चोर है, और चोर को पता है कब पुलिस ड्यूटी पर है। जब कभी चोरी हो जाए तो पुलिस पूछती है, “भाई, तूने ही किया न?” चोर मुस्करा कर कहता है, “इस बार नहीं, सर जी — इस बार नए बंदे आए थे।” यानी पूरा सिस्टम ‘आपसी समझदारी’ पर चलता है।

कभी-कभी तो लगता है कि चोर और पुलिस दोनों एक ही टीम के खिलाड़ी हैं, बस जर्सी का रंग अलग है। एक गोल करता है, दूसरा बचाने का नाटक करता है। जनता बीच में बैठी कमेंट्री करती है — “वाह भाई, क्या मैच है!”

फाइलें खुलती हैं, बंद होती हैं, फिर किसी अलमारी में “सम्मानपूर्वक विश्राम” पर भेज दी जाती हैं। जनता पूछे—तो जवाब मिलता है, “जांच जारी है।

©️✍️✍️✍️✍️

पूनम पँवार 

इंदौर 

टिप्पणी/समीक्षा


आपकी रेटिंग

blank-star-rating

लेफ़्ट मेन्यु